Sarguja express

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 किलोग्राम गांजा के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा, स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल सहित कुल लगभग 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 मार्च 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 30 एफ 8689 में तीन-चार युवक अवैध गांजा लेकर बासबाड़ी रोड अंबिकापुर में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो में सवार चार लोग वाहन से उतरकर बासबाड़ी की बाड़ फांदकर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन घने झाड़ियों और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके पर मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और बालक की तलाशी ली तो वाहन की पिछली सीटों के बीच रखे एक प्लास्टिक बोरे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस तरह कुल 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरुका बरामद किया गया।
पूछताछ में विधि से संघर्षरत बालक ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लैलूंगा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाते थे और अंबिकापुर में पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बालक के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 173/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी बालक को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, सूरज राय, आरक्षक लालबाबू सिंह, अमरेश दास, जगेश्वर तिर्की, मंटू गुप्ता और शिव राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

