Sarguja express…..
मो.हदीस,सीतापुर– शांतिपारा से दशहरा कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे दो किशोरों की बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सरिया लोड ट्रेलर ने टीवीएस एक्सएल मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड सवार दोनों किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 21 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे दोनों किशोर बतौली के शांतिपारा स्थित दशहरा मैदान में कार्यक्रम देखने के बाद टीवीएस एक्सएल मोपेड क्रमांक CG 15 DR 2726 से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कारबेल बिजली टॉवर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरिया लोड ट्रेलर क्रमांक HR 38 AM 9613 ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत सोनतराई निवासी पवन मांझी (16 वर्ष), पिता कुसित मांझी, तथा सूर्यकांत पैकरा (15 वर्ष), पिता हरिलाल पैकरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
दो किशोरों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिस उम्र में दोनों को अपने सपनों और भविष्य की राह तय करनी थी, उसी उम्र में सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

