12 June 2026
सरगुजा के स्क्रैप कारोबारी से 3 करोड़ की ठग,बिहार-वाराणसी से 3 आरोपी गिरफ्तार…..विंटेज दुर्लभ वस्तुएं और रेडियोएक्टिव पैकिंग बेचने का दिया झांसा
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

सरगुजा के स्क्रैप कारोबारी से 3 करोड़ की ठग,बिहार-वाराणसी से 3 आरोपी गिरफ्तार…..विंटेज दुर्लभ वस्तुएं और रेडियोएक्टिव पैकिंग बेचने का दिया झांसा

Sarguja express…..

अंबिकापुर. नगर के एक स्क्रैप कारोबारी से विंटेज दुर्लभ वस्तुएं और रेडियोएक्टिव पैकिंग उपलब्ध कराने का झांसा देकर 3 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बिहार के पटना रेलवे स्टेशन और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पकड़ा गया। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, गंगापुर निवासी स्क्रैप कारोबारी करमबेल कच्छप (41) साल 2023 में वाराणसी निवासी संजय कुमार बिंद और बाबूलाल राजभर के संपर्क में आया था। दोनों ने तेलंगाना निवासी डॉक्टर बल्ला रामाकृष्णा के साथ मिलकर उसे पुराने दुर्लभ और कीमती विंटेज सामान, रेडियोएक्टिव सामग्री के कारोबार में भारी मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए फर्जी रिपोर्ट और पंजीयन संबंधी दस्तावेज भी भेजे।
आरोपियों ने कथित दुर्लभ वस्तुओं की तस्वीरें भेजकर उनकी कीमत करोड़ों रुपये बताई और निवेश करने पर बड़ा लाभ होने का दावा किया। झांसे में आकर करमबेल कच्छप ने 2 जुलाई 2023 से 30 सितंबर 2024 के बीच आरोपियों के बताए बैंक खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा बड़ी रकम नकद भी दी।
रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो सामान उपलब्ध कराया और न ही निवेश की राशि लौटाई। खुद को ठगा महसूस होने पर कारोबारी ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 19 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। साइबर सेल और रेलवे सुरक्षा बल की मदद से पुलिस ने आरोपी डॉक्टर बल्ला रामाकृष्णा और संजय कुमार बिंद को पटना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पूछताछ और जांच में 3 करोड़ 8 लाख 78 हजार रुपए की ठगी के साक्ष्य मिले। वहीं तीसरे आरोपी बाबूलाल राजभर को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया।

जेल भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में तेलंगाना निवासी डॉक्टर बल्ला रामाकृष्णा (51), वाराणसी निवासी संजय कुमार बिंद (38) और बाबूलाल राजभर (55) शामिल हैं। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *