Sarguja express…..
अंबिकापुर। जयस्तंभ चौक पर शुक्रवार देर रात सड़क पर बंधी रस्सी में फंसकर बुलेट सवार युवक फैजान आलम की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी समीर भी घायल हो गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। समीर का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जयस्तंभ चौक स्थित दुर्गा पंडाल के पास जगराते का आयोजन किया गया था। इसके लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच आवागमन रोकने सड़क के दोनों ओर बांस गाड़कर मोटी रस्सी बांधी गई थी। आगे यातायात विभाग की बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी। मायापुर निवासी फैजान अपने साथी समीर के साथ बुलेट से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। बताया गया कि अंधेरे में सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं दी और बाइक उससे टकरा गई। रस्सी फैजान के गले में फंस गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रस्सी बांधने की जगह पर्याप्त रोशनी और उचित बैरिकेडिंग नहीं थी। फैजान के भाई ने टेंट का बांस टूटकर गिरने और उससे जुड़े बिजली के तार से करंट लगने की बात भी कही है। पुलिस ने करंट लगने के इस आरोप की पुष्टि नहीं की है।

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने जगराता बंद कराया। परिजन और मुस्लिम समुदाय के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

