28 July 2026
शहर की बदहाल व्यवस्था पर युवक कांग्रेस का नगर निगम घेराव, 10 दिन का अल्टीमेटम…..जर्जर सड़क, पेयजल, सफाई और बंद स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
आयोजन आरोप निगम प्रशासन बड़ी खबर मांग राजनीति राज्य विरोध

शहर की बदहाल व्यवस्था पर युवक कांग्रेस का नगर निगम घेराव, 10 दिन का अल्टीमेटम…..जर्जर सड़क, पेयजल, सफाई और बंद स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Sarguja express…..

अंबिकापुर
शहर की जर्जर सड़कों, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था की बदहाली और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को युवक कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासनिक भवन का घेराव किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव एवं आदि बाबा के निर्देशानुसार आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व युवक कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष दुबे ने किया। प्रदर्शन के दौरान निगम प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
युवक कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली निकालते हुए नारेबाजी के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने प्रशासनिक भवन के बाहर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर निगम के मुख्य द्वार तक पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त डी. एन. कश्यप को ज्ञापन सौंपकर शहर की प्रमुख समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। ज्ञापन में सभी वार्डों में जर्जर सड़कों की मरम्मत, नियमित पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था में सुधार, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
नगर निगम आयुक्त डी. एन. कश्यप ने कहा कि ज्ञापन में सामान्य समस्याओं का उल्लेख किया गया है। इन पर बिंदुवार चर्चा के लिए युवक कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव होगा, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने बताया कि शहर में नियमित सफाई कराई जा रही है तथा बारिश के कारण पानी कुछ मटमैला हो सकता है, लेकिन नागरिकों को केवल पीने योग्य पानी की ही आपूर्ति की जा रही है।
युवक कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष दुबे ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के लगभग सभी वार्डों में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है, सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर निगम प्रशासन ने समस्याओं का समाधान नहीं किया तो युवक कांग्रेस जनहित में और अधिक उग्र आंदोलन करेगी।
इस प्रदर्शन में गुरप्रीत सिंह सिद्धू, दीपक मालवीय, अंकित सिंह, प्रसून दुबे, प्रियांशु माथुर, रिजू सिंह, रित्विक सिंह, पिंटू कुशवाहा, आदित्य सिंह, नयन तिर्की, ऋषु सिंह, प्रियम सिन्हा, प्रांजल तिर्की, अमितेश, स्वास्तिक, अविराज, गौरव ओझा सहित युवक कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *