Sarguja express…..
सीतापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार ग्राम उलकिया निवासी संजीव पैकरा (23 वर्ष), पिता फीरन राम पैकरा, मंगलवार रात अपने दोस्तों से मिलने ग्राम राधापुर गया था। रात करीब 9 बजे वह दोपहिया वाहन से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राधापुर बैरियर के आगे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

