Sarguja express
मो,हदीस,
सीतापुर -शहर में दिनदहाड़े बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश स्कूटी में रखा सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार,एन एच 43 हाईस्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ जेवर दुकान का संचालक अरुण देव सोनी सुबह साढ़े ग्यारह बजे के करीब अपनी स्कूटी से दुकान पहुंचा था। उसने सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग स्कूटी में ही रखा और दुकान का ताला खोलने लगा। इसी दौरान मौके की तलाश में घूम रहे अज्ञात बदमाश ने स्कूटी में रखा बैग उठाया और मौके से फरार हो गया। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाता, आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात बरामद करने का दावा किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी उठाईगिरी की घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

