23 October 2026
कंचनपुर में पूर्ण शराबबंदी की पहल, शराब बनाने और पिलाने वालों पर लगेगा जुर्माना….ग्राम समिति ने निकाली जागरूकता रैली, शराब बनाने पर 6 हजार और पिलाने पर 3 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाने का निर्णय
आयोजन ख़बर जरा हटके ग्राउंड रिपोर्ट जागरूकता देश नियम पहल प्रशासन फैसला राज्य

कंचनपुर में पूर्ण शराबबंदी की पहल, शराब बनाने और पिलाने वालों पर लगेगा जुर्माना….ग्राम समिति ने निकाली जागरूकता रैली, शराब बनाने पर 6 हजार और पिलाने पर 3 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाने का निर्णय

Sarguja express….

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरौली के आश्रित ग्राम कंचनपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत गांव में पूर्ण शराबबंदी को लेकर ग्रामीणों ने 23 अक्टूबर दिन शुक्रवार को गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। इस जागरूकता रैली के माध्यम से गांव को नशामुक्त बनाने और शराब के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने का उद्देश्य रहा। तथा रैली और सभा के माध्यम से ग्रामीणों को शराब से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई।गांव में शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम पंचायत की पहल पर ग्राम समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा गांव में शराब बनाने, पिलाने और शराब पीकर विवाद करने वालों के खिलाफ आर्थिक जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है। ग्राम संगठन के द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार, गांव में शराब बनाने पर 6,000 रुपये, शराब पिलाने पर 3,000 रुपये तथा दूसरे स्थान से शराब पीकर आकर गांव में लड़ाई-झगड़ा करने पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

नशामुक्त गांव बनाने ग्रामीणों ने बढ़ाए कदम

ग्रामीणों की इस पहल का उद्देश्य गांव में शराब के सेवन से होने वाले विवादों पर अंकुश लगाना और शांतिपूर्ण सामाजिक वातावरण तैयार करना है। जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि नशे की लत से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक संबंधों पर भी असर पड़ता है। गांव को नशामुक्त बनाने और पूर्णता शराब बंदी के लिए सभी ग्रामीणों की सहभागिता आवश्यक है।

केवरी और खरसुरा के बाद कंचनपुर में पहल

सरगुजा जिले में गांवों को नशामुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लखनपुर विकासखंड के ग्राम केवरी को नशामुक्त गांव घोषित किए जाने के बाद उदयपुर विकासखंड के ग्राम खरसुरा में भी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया था। इसी कड़ी में अब ग्राम कंचनपुर में पूर्ण शराबबंदी को लेकर ग्रामीणों ने जागरूकता रैली निकालकर अभियान चलाया है।ग्रामीणों की इस पहल से गांव में नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता बढ़ाने और शराब के कारण होने वाले विवादों पर रोक लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *