Sarguja express
अंबिकापुर….एमआरएम हॉस्पिटल डॉक्टर हाउस की ओर से ग्राम पंचायत भवन सोनपुर कला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 100 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। डॉक्टरों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से गांव के लोगों को बिना किसी खर्च के बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलती है। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज के ग्रामीणों को इसका लाभ मिला।
एमआरएम हॉस्पिटल डॉक्टर हाउस के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। भविष्य में भी विभिन्न गांवों में इसी प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिले

