Sarguja express…..
करसी के पास आमने-सामने भिड़ीं बाइक और पिकअप, एक ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरे की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत
Ambikapur। सरगुजा संभाग में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम करसी के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को प्रतापपुर अस्पताल से रेफर कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार मृतक की पत्नी को भी हल्की चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी शिवकुमार गोंड (35), पिता ठिगू राम गोंड, अपने गांव के दोस्त मनीष यादव और पत्नी राजकुमारी के साथ किसी काम से प्रतापपुर गया था। काम पूरा करने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करसी के पास सामने से आ रही पिकअप क्रमांक UP 64 CT 4289 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही मनीष की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मनीष यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। शिवकुमार को तत्काल प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी को आई हल्की चोट
इस दुर्घटना में शिवकुमार की पत्नी राजकुमारी को भी चोटें आई हैं। हालांकि, उसे गंभीर चोट लगने की जानकारी नहीं है। हादसे के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही दुर्घटना में दो युवकों की मौत से परिजनों और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पिकअप चालक की कथित लापरवाही को हादसे की वजह बताया जा रहा है। दुर्घटना के संबंध में पुलिस की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी मिलने पर स्थिति स्पष्ट होगी।

