Sarguja express…..
, QR कोड से भुगतान का झांसा देकर अंजाम देते थे वारदात; पंप कर्मियों की सतर्कता से खुला मामला
अंबिकापुर। पेट्रोल पंप पर फुल टैंक पेट्रोल या डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने वाले शातिरों का एक मामला सामने आया है। अनुजनगर (लटोरी) स्थित पेट्रोल पंप से फुल टैंक पेट्रोल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए भागी कार का कर्मचारियों ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और अंबिकापुर की अर्बन चौपाटी में उसे पकड़ लिया। हालांकि, पीछा किए जाने की भनक लगते ही कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की तो उसके अंदर खोलकर रखी गई नंबर प्लेट मिली, जिसके आधार पर वाहन स्वामी की पहचान की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर और लुंड्रा क्षेत्र में रहने वाले एक गिरोह के सदस्य सरगुजा समेत आसपास के कई जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरोह के सदस्य कार, स्कॉर्पियो सहित अन्य वाहनों से नंबर प्लेट निकालकर पेट्रोल पंप पहुंचते थे। इसके बाद फुल टैंक पेट्रोल या डीजल भरवाते और भुगतान के दौरान क्यूआर कोड के जरिए पैसे देने का बहाना बनाकर कर्मचारियों को उलझा देते थे। इसी बीच मौका मिलते ही बिना भुगतान किए तेज रफ्तार में वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
नंबर प्लेट निकालकर करते थे वारदात, कई पंपों को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि अंबिकापुर शहर और आसपास के इलाकों में इसी महीने ऐसी कई घटनाएं सामने आने के बाद पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी सतर्क हो गए थे। इसी सतर्कता का नतीजा रहा कि अनुजनगर (लटोरी) के पेट्रोल पंप पर फुल टैंक पेट्रोल भरवाकर भागे वाहन को कर्मचारियों ने आसानी से जाने नहीं दिया। वाहन क्रमांक CG15EB4388 का पीछा करते हुए कर्मचारी अंबिकापुर तक पहुंच गए।
चौपाटी में कार छोड़कर भागे सवार
पीछा किए जाने की जानकारी मिलते ही कार सवारों ने अंबिकापुर स्थित अर्बन चौपाटी में जैन मंदिर के बगल में वाहन खड़ा किया और मौके से भाग निकले। पेट्रोल पंप कर्मियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की जांच की। कार के भीतर खोलकर रखी गई नंबर प्लेट मिलने के बाद वाहन स्वामी की पहचान की गई।
इस घटना ने पेट्रोल पंपों पर भुगतान के नाम पर की जा रही कथित ठगी और वाहनों की पहचान छिपाकर फरार होने के तरीके को उजागर किया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस की जांच में इस गिरोह की अन्य वारदातों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।

