16 October 2026
सरगुजा…..करमा देखने निकले सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत
हादसा बड़ी खबर राज्य

सरगुजा…..करमा देखने निकले सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत

Sarguja express…..

साल्ही मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों ने मौके पर तोड़ा दम, डांडगांव के पास बाइक की टक्कर से घायल युवक की अस्पताल में मौत

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में गुरुवार रात दसईं करमा देखने जा रहे तीन युवकों की अलग-अलग सड़क हादसों में मौत हो गई। प्रेम नगर थाना क्षेत्र के तारा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, डांडगांव के पास पैदल जा रहे 18 वर्षीय युवक को अज्ञात मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस दोनों मामलों में वाहन और चालकों की तलाश कर रही है।
पहला हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर साल्ही मोड़ के पास रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, घाटबर्रा निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) सगे भाई थे। दोनों बाइक से डांडगांव में दसईं करमा देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। साल्ही मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों भाई उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल-112 को दी। टीम मौके पर पहुंची और दोनों की जांच की। मौत की पुष्टि होने के बाद शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम प्रेम नगर अस्पताल में किया गया.पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए। एक साथ दो बेटों की मौत से घाटबर्रा गांव में शोक छाया हुआ है।
घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के दृश्य खंगाले जा रहे हैं। हादसे वाली जगह पर सड़क अच्छी होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किस वाहन से बाइक को टक्कर लगी।

पैदल डांडगांव जा रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर

इसी रात डांडगांव के रास्ते में हुए दूसरे हादसे में प्रदीप (18), पिता जीतन राम, की मौत हो गई। वह अपने साथी आदित्य और दिव्यांशु के साथ पैदल दसईं करमा देखने डांडगांव जा रहा था। रात करीब 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि डांडगांव से पहले अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उदयपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने पर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो सगे भाइयों की मौके पर मौत और एक युवक की अस्पताल में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात वाहन चालकों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *