Sarguja express….
ट्रैक्टर चालक के नशे में होने की जानकारी, इकलौती बेटी की मौत से परिवार में पसरा मातम
(विनय पाण्डेय )
सूरजपुर। कार्मेल कान्वेंट स्कूल बिश्रामपुर से सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम देखने के बाद पिता के साथ बाइक से घर लौट रही सातवीं कक्षा की छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे एनएच-43 पर केशवनगर में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत भंडार गृह के समीप हुआ। छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के नवापारा निवासी पंकज जैन अपनी बेटी रिद्धिमा जैन 13 वर्ष के साथ शुक्रवार को कार्मेल कान्वेंट स्कूल बिश्रामपुर पहुंचे थे। यहां आयोजित पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में बेटी का सेमेस्टर परीक्षा परिणाम देखने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान केशवनगर में उनके आगे चल रहे गिट्टी लोड ट्रैक्टर के चालक ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया। ट्रैक्टर के अचानक सामने आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। पंकज जैन दूसरी ओर गिर पड़े, जबकि रिद्धिमा सड़क पर गिर गई। इसी दौरान ट्रैक्टर का पहिया छात्रा की कनपटी के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद खून से लथपथ रिद्धिमा को उपचार के लिए बिश्रामपुर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक चला रहे पंकज जैन को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। पोस्टमार्टम एवं पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक लकेश्वर सिंह पिता मुन्ना सिंह 28 निवासी शिवनंदनपुर को हिरासत में।लेकर ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक के शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आई है।बिश्रामपुर पुलिस ने उसका एमएलसी भी कराया है।
पढ़ाई में होनहार थी रिद्धिमा
सड़क हादसे में जान गंवाने वाली रिद्धिमा पढ़ाई में काफी होनहार बताई जा रही है। उसकी असमय मौत से परिजनों, परिचितों और विद्यालय परिवार में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही कार्मेल कान्वेंट की प्राचार्या सिस्टर कैरल सहित स्कूल स्टॉफ अस्पताल पहुंच अपनी संवेदना परिवार को जताई। मासूम छात्रा की मौत से वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम थीं।
गौरतलब है कि गत 10 अक्टूबर को इसी विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ और उसकी मां की हत्या का मामला सामने आया था। छात्र का शव जयनगर थाना क्षेत्र के महाबीरपुर में मिला था
इस घटना के कुछ ही दिनों बाद विद्यालय की एक और होनहार छात्रा की सड़क हादसे में मौत से परिजन और विद्यालय प्रबंधन को स्तब्ध कर दिया है। दोपहर बाद गमगीन माहौल में छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।


