30 August 2026
हाय रे सरगुजा… गीत पर गड्ढों में नाचे प्रदर्शनकारी, जर्जर सड़कों के खिलाफ अनोखा विरोध…..अंबिकापुर की बदहाल सड़कों को लेकर एमजी रोड पर धरना, एनएच-पीडब्ल्यूडी और नगर निगम से तत्काल सुधार की मांग
Uncategorized आयोजन ख़बर जरा हटके देश राज्य विरोध समस्या

हाय रे सरगुजा… गीत पर गड्ढों में नाचे प्रदर्शनकारी, जर्जर सड़कों के खिलाफ अनोखा विरोध…..अंबिकापुर की बदहाल सड़कों को लेकर एमजी रोड पर धरना, एनएच-पीडब्ल्यूडी और नगर निगम से तत्काल सुधार की मांग

Sarguja express…..

अंबिकापुर। शहर की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। रविवार शाम एमजी रोड पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अनोखे अंदाज में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर पानी से भरे गड्ढों में उतर गए और ‘हाय रे सरगुजा’ गीत पर नाचते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान बदहाल सड़कों की ओर खींचा।
प्रदर्शन के दौरान सड़क के गड्ढे ही विरोध का मंच बन गए। प्रदर्शनकारियों ने गड्ढों में उतरकर नाचते हुए जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि शहर सहित आसपास की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह बने गड्ढों और उनमें भरे पानी के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एनएच, पीडब्ल्यूडी और निगम की सड़कों को सुधारने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने एनएच, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम के अंतर्गत आने वाली खराब सड़कों का तत्काल सुधार कराने की मांग की। उनका कहना है कि खराब सड़कों के कारण न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
प्रदर्शन के बाद कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगर निगम का ध्यान भी सड़कों की बदहाली की ओर आकर्षित कराया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार विभागों से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।
सड़कों की बदहाली के खिलाफ गड्ढों में नाचकर किया गया यह अनोखा प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। अब देखना होगा कि ‘हाय रे सरगुजा’ के जरिए उठाई गई आवाज के बाद जिम्मेदार विभाग सड़कों की सूरत सुधारने के लिए कब तक कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *