31 July 2026
विश्वविद्यालय विकास और छात्र मांगों पर टी.एस. सिंहदेव से कुलपति की चर्चा….परीक्षा शुल्क में आंशिक कमी, ऑनलाइन मूल्यांकन शुरू; भवन, सड़क और नए पाठ्यक्रमों के लिए शासन स्तर पर सहयोग का मिला आश्वासन
देश नियम पहल प्रशासन बड़ी खबर बैठक मुलाकात राज्य शिक्षा

विश्वविद्यालय विकास और छात्र मांगों पर टी.एस. सिंहदेव से कुलपति की चर्चा….परीक्षा शुल्क में आंशिक कमी, ऑनलाइन मूल्यांकन शुरू; भवन, सड़क और नए पाठ्यक्रमों के लिए शासन स्तर पर सहयोग का मिला आश्वासन

Sarguja express…..

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति ने 29 जुलाई को सरगुजा महाराजा एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव से सौजन्य भेंट कर विश्वविद्यालय के विकास कार्यों तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा किए जा रहे क्रमिक भूख हड़ताल के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विश्वविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों और छात्र हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी साझा की गई।

कुलपति ने बताया कि विद्यार्थियों को राहत देते हुए विश्वविद्यालय ने परीक्षा शुल्क एवं अन्य शुल्क में आंशिक कमी की है। साथ ही विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह छत्तीसगढ़ शासन के आरक्षण नियमों एवं रोस्टर के अनुरूप की गई है। उन्होंने बताया कि आयुक्त, सरगुजा संभाग द्वारा की गई जांच में भी भर्ती प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप पाया गया है।

बैठक में विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट के शुभारंभ, भकुरा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग तथा पुलिस चौकी स्थापना के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा अधूरे भवनों का निर्माण पूरा कराने, अंबिकापुर शहर से विश्वविद्यालय परिसर तक सड़क निर्माण तथा परिसर के भीतर सड़कों के विकास के लिए शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किए जाने की जानकारी भी कुलपति ने दी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में ऑनलाइन एवं डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली शुरू की गई है। वहीं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टोल-फ्री एवं टेलीफोन नंबर शुरू करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

बैठक के दौरान टी.एस. सिंहदेव ने विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने भवन निर्माण, विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाने, नए कोर्स शुरू करने के लिए आवश्यक अनुमतियां दिलाने तथा सड़क निर्माण के लिए बजट आवंटन कराने हेतु सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इससे विश्वविद्यालय के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *