Sarguja express….
सीतापुर, सरगुजा। नगर पंचायत सीतापुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं को लेकर व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। व्यापारी संघ ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि 26 जुलाई को हुई उठाईगिरी की घटना के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया और चोरी गया माल बरामद नहीं हुआ, तो 31 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन नगर बंद एवं चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।
व्यापारी संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सीतापुर नगर क्षेत्र में अपराध, चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। 26 जुलाई को हुई बड़ी उठाईगिरी की घटना के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी हुई है।
संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में त्वरित एवं ठोस कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि गुरुवार, 30 जुलाई 2026 तक अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 से व्यापारी संघ सीतापुर के नेतृत्व में समस्त व्यापारी अनिश्चितकालीन नगर बंद और चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
व्यापारी संघ ने यह भी कहा है कि नगर में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जानी चाहिए।
व्यपारी संघ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), के नाम थाने में ज्ञापन सौपी है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत पहुचे थाना
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत पीड़ित परिवार के साथ थाना पहुंचे व इस उठाईगिरी घटना पर चर्चा करते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि 31 जुलाई को व्यापारी संघ आंदोलन करेंगे तो ऐसे स्थिति में मेरा पूर्ण समर्थन व्यापारी संघ के साथ रहेगा।

