28 July 2026
एक करोड़ की उठाईगिरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्राफा संघ ने दी नगर बंद और आंदोलन की चेतावनी
क्राइम देश बड़ी खबर मांग मुलाकात राज्य विरोध

एक करोड़ की उठाईगिरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्राफा संघ ने दी नगर बंद और आंदोलन की चेतावनी

Sarguja express

मो हदीस 

,सीतापुर,- सीतापुर में सर्राफा व्यवसायियों ने हाल ही में हुई एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। सर्राफा संघ सीतापुर ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नगर बंद कर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विदित हो कि 26 जुलाई 2026 को सीतापुर स्थित श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण देव सोनी की दुकान में सुबह लगभग 11:30 बजे अज्ञात उठाईगीरों ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग पार कर दिया। घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
सर्राफा संघ का कहना है कि सीतापुर क्षेत्र में पिछले एक वर्ष के दौरान सर्राफा कारोबारियों को लगातार चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं का सामना करना पड़ा है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में न तो अपराधियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हुई है। इससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
संघ ने अपने ज्ञापन में कहा है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सर्राफा संघ, व्यापारी संघ और स्वर्णकार समाज के संयुक्त तत्वावधान में नगर बंद कर संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह आंदोलन आवश्यकतानुसार अनिश्चितकाल तक भी जारी रह सकता है।
सर्राफा संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की करते हुए थाना प्रभारी, सीतापुर को ज्ञापन सौंपा गया।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर , आरोपियों के सीघ्र गिरफ्तारी की मांग की

दिनदहाड़े हुई 1 करोड़ रुपये की उठाईगिरी की घटना को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद वे थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने पुलिस प्रशासन से , घटना में शामिल आरोपियों की सीघ्र गिरफ्तारी की मांग की ।
उन्होंने कहा कि जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इतनी बड़ी वारदात का शीघ्र खुलासा होना आवश्यक है, ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से उठाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *