Sarguja express
अभिभावकों के सहयोग और खिलाड़ियों के उत्साह से सफल हो रही बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप
अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
बालिका वर्ग में सरगुजा होपर्स एवं सरगुजा फाइटर्स के बीच खेले गए मुकाबले में सरगुजा फाइटर्स विजेता रही। वहीं सरगुजा चैंपियंस एवं सरगुजा स्टार के बीच हुए मैच में सरगुजा चैंपियंस ने जीत दर्ज की। एक अन्य मुकाबले में सरगुजा बॉलर्स ने सरगुजा फ्लाइंग फाइटर्स को पराजित कर शानदार विजय हासिल की।
बालक वर्ग में सरगुजा ब्लैक पैंथर एवं सरगुजा लायंस के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रोमांचक खेल का परिचय दिया।
राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। लीग प्रारूप के कारण खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि जल्द ही जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता की घोषणा की जाएगी। हाल ही में आयोजित सब-जूनियर प्रतियोगिता में बच्चों के बीच बास्केटबॉल को लेकर काफी उत्साह एवं प्रतिभा देखने को मिली, जिसके आधार पर संघ ने जूनियर स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत तिवारी, अधिवक्ता मिथलेश सिंह एवं नगर निगम पार्षद शुभम जायसवाल व अभिभावक गण विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रजत सिंह, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, रिमझिम मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

