Sarguja express
अंबिकापुर /बसंतपुर।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बलरामपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर बड़ा खुलासा किया है। जिले में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त एंड टू एंड कार्रवाई में करीब 1941.110 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त 16 चक्का टाटा ट्रक भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई गई है। कुल जब्ती की कीमत साढ़े 10 करोड़ रुपए से अधिक है।
पुलिस ने इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें लोकेश शर्मा और आमिष अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार लोकेश शर्मा इस पूरे सिंडीकेट का मुख्य सरगना है और पहले भी इसी तरह के मामले में वांछित था।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झॉ एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और एमसीपी चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेन्द्र सोनी को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा इलाके में सक्रिय है और बड़ी खेप के साथ गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच थाना बसंतपुर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान टाटा ट्रक क्रमांक आर जे 14 जी यू 9078 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक की तलाशी के दौरान कुल 62 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब 30 किलो था। कुल मिलाकर 1941 किलो 110 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा (46), निवासी जरोधापाड़ा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर (उ.प्र.) और आमिष अंसारी (23), निवासी बड़ीकला, थाना छापर, जिला मुजफ्फरपुर (उ.प्र.) के रूप में की है।
इस मामले में थाना बसंतपुर में धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी पकड़ाया था 1198 किलो गांजा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को भी थाना बसंतपुर पुलिस ने एक टाटा ट्रक से 1198.460 किलो गांजा बरामद किया था। उस मामले में भी लोकेश शर्मा मुख्य आरोपी था। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
जांच में पता चला कि आरोपी लोकेश शर्मा उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित करता था। उसके नाम पर पहले जब्त ट्रक
आर जे 32 जी ई 0960 और वर्तमान में पकड़ा गया ट्रक आर जे 14 जी यू 9078 दोनों पंजीकृत हैं।
कार्रवाई में शामिल पूरी टीम
पूरी कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झॉ, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी (थाना प्रभारी बसंतपुर),
प्र.उनि मनीष साहू,सउनि धनसिंह सांडिल्य,प्र.आर. हरिप्रसाद,आरक्षक आकाश तिवारी,आरक्षक भूपेन्द्र मरावी,आरक्षक जनार्दन सिंह,आरक्षक धर्मेन्द्र यादव,आरक्षक रामसाय,आरक्षक अजय टोप्पो, सहित
साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर स्टाफ सक्रिय था.

