8 June 2026
विश्व साइकिल दिवस…अम्बिकापुर में निकली भव्य संडे ऑन साइकिल रैली…..स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, 300 से अधिक साइकिलिस्ट हुए शामिल
आयोजन ख़बर जरा हटके जागरूकता देश पहल प्रशासन राज्य

विश्व साइकिल दिवस…अम्बिकापुर में निकली भव्य संडे ऑन साइकिल रैली…..स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, 300 से अधिक साइकिलिस्ट हुए शामिल

Sarguja express…..

अम्बिकापुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर में भव्य ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और फिट जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों सहित 300 से अधिक साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली को नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य शशिकांत जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने घड़ी चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसका प्रारंभ घड़ी चौक से हुआ और यह महामाया चौक, गुरुनानक चौक, लरंगसाय चौक तथा गांधी चौक होते हुए पुनः घड़ी चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान शहरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने इसमें भाग लेकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने स्वयं भी साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा नियमित साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सरल और प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के दौर में साइकिल का उपयोग स्वस्थ समाज और स्वच्छ वातावरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और खेल गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। रैली के दौरान यातायात प्रभारी एवं उनकी टीम ने सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखी। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश मिश्रा एवं सुश्री सुनीता दास द्वारा किया गया। आयोजन ने शहर में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक रामकुमार सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के उप संचालक पीताम्बर दीवान, माई भारत के जिला युवा अधिकारी प्रिन्स सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी विकास सिंह, आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंधक रमेश चन्द्रा, जिला पंचायत की लेखा अधिकारी श्रीमती महामाया ओझा सहित पुलिस, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *