18 May 2026
म्यूल अकाउंट के जरिए 1.80 करोड़ का ट्रांजेक्शन, एक और आरोपी गिरफ्तार….ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टा रकम के लिए बैंक खाते खरीदने-बेचने वालों पर सरगुजा पुलिस की कार्रवाई
अपील कार्रवाई क्राइम बड़ी खबर राज्य

म्यूल अकाउंट के जरिए 1.80 करोड़ का ट्रांजेक्शन, एक और आरोपी गिरफ्तार….ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टा रकम के लिए बैंक खाते खरीदने-बेचने वालों पर सरगुजा पुलिस की कार्रवाई

Sarguja express….

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टे के पैसे के लेन-देन के लिए बैंक खाते खरीदने-बेचने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी वैभव सूर्यवंशी ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि नवापारा निवासी सुमित सिंह और अनुज सिंह ने घर बनाने के लिए लेन-देन करने की बात कहकर उसके नाम से आईडीबीआई बैंक में दो बैंक खाते खुलवाए थे। कुछ दिन बाद दोनों आरोपियों ने एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक यह कहकर ले लिए कि उन्हें पैसों के लेन-देन में इनकी जरूरत है।

कुछ समय बाद प्रार्थी को जानकारी मिली कि उसके दोनों बैंक खातों से भारी रकम का लेन-देन हुआ है। जांच में पता चला कि एक खाते से करीब 80 लाख रुपए और दूसरे खाते से लगभग 1 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसकी जानकारी मिलने पर प्रार्थी ने तत्काल बैंक में आवेदन देकर दोनों खातों को बंद कराया और थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 314/2026 धारा 318(4), 319, 317(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी अनुज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अलग-अलग लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर या उनसे खाते लेकर उनमें ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टे की रकम का लेन-देन करता था और पैसे की निकासी करता था।

पुलिस को पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी अनुज सिंह (30 वर्ष) पिता सर्वजीत सिंह निवासी चर्च के सामने नवापारा, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में दूसरा आरोपी सुमित सिंह निवासी नवापारा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रकरण में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सरगुजा जिले में म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टे की रकम के लेन-देन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले 10 दिनों में ऐसे चार मामलों में कार्रवाई करते हुए खाता धारकों और बैंक खाते खरीदने-बेचने वाले कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय और ऋषभ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सरगुजा पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दें। ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *