Sarguja express…..
अंबिकापुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न गबन के मामले में कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रेता को गिरफ्तार किया है। मामले में शासन को लगभग 5 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा में पदस्थ शिव कुमार मिश्रा द्वारा 11 मार्च 2026 को महामाया वार्ड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 391001032 का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान में 139.49 क्विंटल चावल की कमी पाई गई, जिसकी कीमत करीब 5,51,112 रुपये आंकी गई।
बताया गया कि उक्त दुकान का संचालन वर्ष 2015 से समवृद्ध स्वयं सहायता समूह, दर्रीपारा द्वारा किया जा रहा था, जिसकी अध्यक्ष शोभा सिंह विक्रेता के रूप में कार्यरत थीं। भौतिक सत्यापन में खाद्यान्न के व्यपवर्तन (गबन) की पुष्टि होने पर खाद्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 256/26, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान आरोप के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दर्रीपारा निवासी 56 वर्षीय शोभा सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि लेन-देन का लेखा-जोखा ऑनलाइन होने के कारण वह रजिस्टर प्रस्तुत नहीं कर सकी।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक के.के. यादव, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

