7 March 2026
होली के बाद बंद मिला स्कूल, हेडमास्टर सस्पेंड; पांच शिक्षकों को नोटिस
अनियमितता आरोप कार्रवाई जांच प्रशासन बड़ी खबर बयान राज्य विडम्बना शिकायत शिक्षा

होली के बाद बंद मिला स्कूल, हेडमास्टर सस्पेंड; पांच शिक्षकों को नोटिस

Sarguja express


अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। होली के दूसरे दिन सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड स्थित सावारांवा मिडिल स्कूल में लापरवाही मिलने पर संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने स्कूल के हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। वहीं स्कूल के पांच अन्य शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शिक्षकों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के अनुसार, होली के दूसरे दिन गुरुवार को सावारांवा मिडिल स्कूल सुबह से ही बंद मिला। पढ़ने के लिए पहुंचे छात्र स्कूल के बाहर ही इकट्ठा हो गए, लेकिन काफी देर तक कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा। करीब 12 बजे तक स्कूल का ताला नहीं खुला था। इस दौरान बच्चे स्कूल परिसर के बाहर ही बैठे रहे और कुछ बच्चे वहीं बैठकर पढ़ाई करते भी नजर आए। स्कूल बंद होने की यह स्थिति किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा ने तुरंत जांच के निर्देश दिए। डीईओ की ओर से अधिकारियों की एक टीम को सावारांवा स्कूल भेजा गया। जांच टीम जब स्कूल पहुंची, तब भी स्कूल का ताला बंद मिला। इसके बाद करीब 12 बजे शिक्षिका प्रीति टोप्पो स्कूल पहुंचीं और स्कूल का ताला खुलवाकर पढ़ाई शुरू कराई।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीईओ अजय मिश्रा ने स्कूल के हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता समेत छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। डीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय ओड़गी बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा संकुल समन्वयक बैजनाथपुर रामजतन कुशवाहा तथा स्कूल के अन्य शिक्षक ईशा खलखो, प्रीति टोप्पो, अजीत कुमार चंद्रा और रमेश चेसकर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी शिक्षकों को तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच स्कूल के छात्रों ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। बच्चों ने बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक रमेश चेसकर अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं। छात्रों के अनुसार, कई बार गांव के कुछ लोग भी उनके साथ शराब पीकर स्कूल परिसर तक पहुंच जाते हैं। बच्चों के इन बयानों का वीडियो भी डीईओ को भेजा गया है।
डीईओ अजय मिश्रा ने कहा कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। बच्चों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी अलग से जांच होगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *