Sarguja express…..


अंबिकापुर। शहर के माता राजमोहिनीदेवी वार्ड में स्थित ऐतिहासिक संत हरकेवल तालाब को नई जान मिलने वाली है। शासन से तालाब के विकास कार्य के लिए 34 लाख 19 हजार रुपये की मंजूरी प्राप्त हो गई है। इस उपलब्धि के पीछे वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता के अथक परिश्रम और लगातार प्रयास प्रमुख हैं, जिनकी बदौलत वर्षों से उपेक्षित यह तालाब अब चमकदार रूप में नजर आएगा। पार्षद गुप्ता ने न केवल तालाब की सफाई अभियान चलाया, बल्कि कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल की अनुशंसा के साथ शासन को मांग पत्र सौंपकर इसकी मंजूरी सुनिश्चित की। उनकी यह पहल वार्डवासियों के लिए वरदान साबित होगी। पार्षद मनोज गुप्ता ने बताया कि संत हरकेवल तालाब लंबे समय से बदहाल हालत में था। कचरे और गंदगी से अटा यह तालाब शहरवासियों की उपेक्षा का शिकार हो गया था। गत वर्ष उन्होंने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान चलाया, जिसमें स्थानीय निवासियों का भी भरपूर सहयोग मिला। इस अभियान के फलस्वरूप पहली बार वार्डवासियों ने तालाब में छठ पूजन किया। यह क्षण सभी के लिए अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि तालाब को पुनर्जीवित करने का सपना मैंने वर्षों पहले देखा था। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल की सकारात्मक अनुशंसा और मेरे लगातार पत्राचार से यह संभव हुआ। तालाब चारों ओर लाइटिंग की जगमग रोशनी होगी, मध्य में आकर्षक फव्वारा स्थापित होगा। सुरक्षित घेराबंदी और घाट निर्माण से स्वच्छता बनी रहेगी तथा धार्मिक आयोजनों में सहूलियत मिलेगी। एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने न केवल वार्ड की समस्याओं को पहचाना, बल्कि उन्हें हल करने के लिए जमकर जद्दोजहद की। तालाब का सौंदर्यीकरण न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा। वार्ड वासियों ने कहा कि पार्षद मनोज गुप्ता के बिना यह संभव न था। छठ पूजन के बाद अब रोज तालाब घूमने का मजा आएगा। युवा वर्ग भी उत्साहित है, जो पार्क जैसी सुविधा मिलेगी। वार्डवासी उम्मीद कर रहे हैं कि कार्य शीघ्र शुरू होकर तालाब को नया स्वरूप दे देगा।

