Sarguja express

अंबिकापुर.। अमेरा ओपन कोयला खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में संगठित रूप से कोयला चोरी करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल समेत करीब 6 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार थाना लखनपुर क्षेत्र स्थित अमेरा कोयला खदान में ग्रामीणों द्वारा बड़ी संख्या में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर संगठित तरीके से कोयला चोरी और तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हो रही थी। खदान के सुरक्षा कर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो ग्रामीणों के एकत्र होकर गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू होने की शिकायत भी सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने लखनपुर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशानुसार पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी कर रहे 21 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से खदान क्षेत्र और उसके आसपास से कोयला चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लखनपुर और गांधीनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 1.5 टन कोयला जब्त किया। इसके अलावा चोरी के कार्य में प्रयुक्त 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 32/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 329(3), 303(2) एवं 112(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि अवैध गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाने की दिशा में भी कदम उठाए। खदान क्षेत्र के अतिरिक्त आसपास की नदियों के मुहानों पर अवैध कोयला उत्खनन के लिए खोदे गए गड्ढों को जेसीबी मशीन की मदद से भरवाकर समतल कराया गया, ताकि भविष्य में अवैध खनन की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण) श्री तुल सिंह पट्टावी, थाना प्रभारी लखनपुर संपत पोटाई सहित थाना लखनपुर के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य पुलिस स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी

