11 February 2026
चलित पशु चिकित्सा इकाई ने समय पर सर्जरी कर नवजात बछिया की बचाई जान
ख़बर जरा हटके ग्राउंड रिपोर्ट पहल बड़ी खबर राज्य स्वास्थ

चलित पशु चिकित्सा इकाई ने समय पर सर्जरी कर नवजात बछिया की बचाई जान

Sarguja express…..

अंबिकापुर। रामपुर गांव, सूरजपुर ब्लॉक (जिला सूरजपुर) में चलित पशु चिकित्सा इकाई (एमवीयू) की तत्परता और कुशलता से एक नवजात बछिया की जान बचाई गई। दिनांक 10 फरवरी 2026 को गांव के पशुपालक रजमेन द्वारा 1962 टोल फ्री नंबर पर इमरजेंसी कॉल कर सूचना दी गई कि उनकी गाय द्वारा तीन दिन पूर्व जन्मी बछिया जन्म से ही गुदाद्वार (रेक्टम) के बिना है, जिससे वह गोबर नहीं कर पा रही थी। यह स्थिति गंभीर थी और इसका एकमात्र उपचार सर्जरी था।

पशुपालक इस समस्या को लेकर अत्यंत चिंतित थे और उन्हें किसी समाधान की जानकारी नहीं थी। पड़ोसियों से चलित पशु चिकित्सा इकाई के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने 1962 पर कॉल कर अपना प्रकरण दर्ज कराया। सूचना मिलते ही सूरजपुर ब्लॉक की एमवीयू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बछिया की जांच के बाद आपात सर्जरी का निर्णय लिया।

एमवीयू टीम द्वारा सफल ऑपरेशन कर बछिया के लिए गोबर निकलने का मार्ग बनाया गया, जिसके बाद अब वह सामान्य रूप से गोबर पास कर रही है। समय पर किए गए उपचार से बछिया की स्थिति में सुधार हुआ है, जिससे पशुपालक में अत्यंत हर्ष व्याप्त है।

इस सफल सर्जरी के लिए पशुपालक ने संपूर्ण एमवीयू टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके नेक कार्यों की सराहना की और शुभकामनाएं दीं। इस ऑपरेशन में डॉ. प्रशांत कुमार उपाध्याय, पैरावेट (एवीएफओ) संदीप साहू एवं पायलट अरुण पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह मामला ग्रामीण क्षेत्रों में चलित पशु चिकित्सा इकाई की उपयोगिता और त्वरित सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे पशुपालकों को समय पर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *