11 February 2026
सरगुजा जैसे आदिवासी अंचल में शिक्षा की नई राह खोल रहा इग्नू, घर बैठे पढ़ाई की सुविधा पर विशेष फोकस
ख़बर जरा हटके जागरूकता देश पत्रकार वार्ता पहल मुलाकात राज्य शिक्षा

सरगुजा जैसे आदिवासी अंचल में शिक्षा की नई राह खोल रहा इग्नू, घर बैठे पढ़ाई की सुविधा पर विशेष फोकस

Sarguja express……

सरगुजा में इग्नू का अध्ययन व परीक्षा केंद्र है केआर टेक्निकल कालेज

अंबिकापुर। सरगुजा जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्र में उन लोगों के लिए शिक्षा की नई संभावनाएं खुल रही हैं, जो समय पर नियमित पढ़ाई नहीं कर पाए। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने सरगुजा क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और घर बैठे पढ़ाई की सुविधा को लेकर विशेष फोकस किया है। सरगुजा में
इग्नू का अध्ययन व परीक्षा केंद्र केआर टेक्निकल कालेज है। इसे लेकर इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. गौडा राजेंद्र ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
डॉ. राजेंद्र ने बताया कि इग्नू के माध्यम से वर्तमान में कुल 333 कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा सहित ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के पाठ्यक्रम शामिल हैं। इनमें ज्योतिष, भगवद गीता जैसे पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक और रोजगारोन्मुखी कोर्स भी उपलब्ध हैं। आने वाले छह महीनों के भीतर इग्नू में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 33 लाख विद्यार्थी इग्नू से अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन सरगुजा संभाग में अभी भी इग्नू को लेकर अपेक्षित जागरूकता नहीं है। इसी को देखते हुए यहां विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इग्नू को नेक से ए प्लस प्लस ग्रेड और एनआईआरएफ में टॉप रैंकिंग प्राप्त है। साथ ही इग्नू द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली अध्ययन सामग्री और पुस्तकों की गुणवत्ता भी काफी उच्च स्तर की होती है।
डॉ. राजेंद्र ने बताया कि इग्नू की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छात्र किसी भी अन्य महाविद्यालय से पढ़ाई करते हुए इग्नू के माध्यम से एक साथ दूसरी डिग्री भी हासिल कर सकते हैं। पीजीडीसीजे (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन क्रिमिनल जस्टिस), साइबर लॉ, दो वर्षीय मास कम्युनिकेशन जैसे कोर्स युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा नहीं है, जिससे किसी भी उम्र के लोग शिक्षा से जुड़ सकते हैं।
इग्नू में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सीधे उनके घर तक पहुंचाई जाती है। छात्रों को केवल परीक्षा के समय ही परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होता है। इसके अलावा एसटी-एससी वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जिनकी वार्षिक आय ढाई लाख रुपये से कम है, उन्हें बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश पर 50 प्रतिशत शुल्क में छूट दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि जेल में बंद कैदियों के लिए इग्नू द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है, जिसमें परीक्षा केंद्र भी जेल परिसर के भीतर ही होता है। इग्नू की यह पहल सरगुजा जैसे क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
चर्चा के दौरान इग्नू सेंटर समन्वय, केआर टेक्निकल कालेज डा. रीनू जैन,शासी निकाय उपाध्यक्ष, केआर टेक्निकल कालेज राहुल जैन, प्राचार्य, केआर टेक्निकल कालेज रितेश वर्मा व शासी निकाय अध्यक्ष केआर टेक्निकल कालेज एवं इग्नू सेंटर अंबिकापुर के प्रमुख कांत दुबे, मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *