3 March 2026
पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का प्रदर्शन, जनवरी में हड़ताल की चेतावनी
देश बड़ी खबर मांग राज्य विरोध

पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का प्रदर्शन, जनवरी में हड़ताल की चेतावनी

Sarguja express…..

अम्बिकापुर। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर आज सभी बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, अम्बिकापुर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, यूको बैंक, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) एवं एलआईसी के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सरकार से लंबे समय से लंबित पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
छत्तीसगढ़ स्टेट आईबोक के अध्यक्ष श्री श्याम गुप्ता ने उपस्थित साथियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार वर्ष 2015 से बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों को पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने का आश्वासन देती आ रही है, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने सरकार के अडियल रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि अब बैंकिंग कर्मचारी और अधिकारी झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने आगामी जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में हड़ताल का आह्वान करते हुए सभी से एकजुट रहने की अपील की।
छत्तीसगढ़ अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव सत्यवीर ने भी सरकार को चेताते हुए कहा कि कर्मचारी अपने अधिकार लेकर ही रहेंगे और संघर्ष को और तेज किया जाएगा। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव श्री ईसान ने कहा कि कर्मचारियों की एकता को कोई भी कमजोर नहीं कर सकता।
प्रदर्शन के दौरान महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने सरकार के विरोध में नारे लगाए और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कर्मचारियों के तेवर सरकार को स्पष्ट संदेश देने वाले रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *