Sarguja express….
अम्बिकापुर: आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय को पत्र लिखकर छात्र हितों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण का आग्रह किया है। रचित मिश्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान उन छात्रों की ओर आकर्षित किया है जो तकनीकी कारणों और परीक्षा परिणामों में त्रुटि की वजह से सत्र 2025-26 का मुख्य वार्षिक परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
प्रेस को जानकारी देते हुए रचित मिश्रा ने बताया कि स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के कई ऐसे छात्र हैं, जिन्होंने परीक्षाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, किंतु घोषित परिणामों में उन्हें अनुपस्थित दर्शाया गया है। रचित मिश्रा ने आग्रह किया है कि इन त्रुटियों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए ताकि प्रभावित छात्र समय पर अपना आगामी परीक्षा फॉर्म भर सकें।
ग्रामीण छात्रों की सुविधा हेतु तिथि बढ़ाने का आग्रह
प्रदेश सचिव ने पत्र में उल्लेख किया है कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कई महाविद्यालय सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इन क्षेत्रों के छात्रों को इंटरनेट की धीमी गति और सर्वर की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31.12.2025 है, जिससे कई छात्र वंचित रह सकते हैं। छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए आजाद सेवा संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि आवेदन की तिथि को 10 दिन और विस्तार दिया जाए।
सहयोगात्मक पहल की आशा
रचित मिश्रा ने विश्वास जताया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की इन व्यावहारिक समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेगा। उन्होंने कहा कि समय-सीमा में वृद्धि और रिजल्ट में सुधार होने से हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा और वे बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।

