Sarguja express
भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भीगते हुए रैली में दी सहभागिता
अम्बिकापुर। आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम संविधान बचाओ अभियान के तहत आज मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव के नेतृत्व में आज अम्बिकापुर में कांग्रेस ने जिला स्तरीय रैली और सभा का आयोजन किया। भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भीगते हुए रैली में सहभागिता दी। रैली राजीव भवन से प्रारंभ होकर गांधी चौक गई, जहाँ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत अम्बेडकर चौक पर बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अम्बेडकर चौक से रैली विवेकानंद चौक पर आई, और उनकी प्रतिमा पर पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव, पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत एवं अन्य कांग्रेसजनों ने पुष्पार्पण किया। इसके उपरांत रैली वापस राजीव भवन आई। रैली के पूर्व आयोजित सभा मे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के इस कथन से किया की “मैंने सभी धर्मों के मार्ग का उपयोग ब्रम्हा की प्राप्ति के लिए किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस देश मे स्वामी विवेकानंद जी के जैसी सर्वधर्म समभाव का संदेश देने वाले संत हुए वहाँ आज अस्सी-बीस का बोलबाला है। इसी भावना से मौजूदा भाजपा के लोगों के द्वारा सार्वजनिक रूप से संविधान बदलने की बात करने और मनुस्मृति को संविधान बनाने की वकालत की जा रही है जिसके कारण आज संविधान बचाओ अभियान की जरूरत पड़ी। संविधान बदलने के लिए 2024 के चुनाव में 400 सीट लाने का नारा देकर इसे हासिल करने के लिए भाजपा ने घोर धार्मिक ध्रुवीकरण किया। संसद में उन्हें जरूरी सीट भले ही न मिली लेकिन भाजपा का संविधान पर प्रहार जारी है। स्वतंत्रता की लड़ाई में कांग्रेस के नेतृत्व में यह सुनिश्चित कर लिया गया था कि स्वतंत्र भारत में लोगों के द्वारा चुनी गई लोकतांत्रिक सरकार रहेगी जिसके लिये चुनाव होगा और वो सरकार एक लिखित नियम से चलेगी जिसे संविधान कहा गया। स्वतंत्र भारत अपने गौरवशाली संविधान के पथ पर चलकर आजादी के 70 सालों तक बेरोकटोक देश और नागरिकों का सम्मान बढ़ाया। आज देश में मनुस्मृति
को लागू करने की बात की जा रही है। इसमें कुछ बातें अच्छी हो सकती है लेकिन मनुस्मृति कहता है कि राजा का पुत्र ही राजा होगा। मैं राजपरिवार से हूँ लेकिन इस बात का घोर विरोधी हूँ और लोकतंत्र का समर्थक हूँ। वास्तव में मनुस्मृति अगड़ी जातियों जो हिंदुओं की आबादी का मात्र 7 प्रतिशत हैं के हित की बात करती है। मनुस्मृति 23 प्रतिशत अनुसूचित जाति और जनजाति के साथ 50 प्रतिशत को 7 प्रतिशत अगड़ी जातियों के सेवक के रूप में प्रस्तुत करता है और भाजपा और संघ परिवार इसी मनुस्मृति को देश का संविधान बनाने की कोशिश कर रहा है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पहलगाम हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर में हुए आश्चर्यजनक युद्धविराम के लिए तथाकथित विश्वगुरु और नॉनबायोलॉजिकल प्रधानमंत्री किसके दबाव में आ गए। सुनने में आ रहा है कि अमेरिका में उनके व्यावसायिक मित्र मुकद्दमे में फंसे हैं। युद्धविराम और मुकद्दमे के संबंध को समझना होगा।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केबिनेट मंत्रीअमरजीत भगत ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी देश के निवासियों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही है। जाति, धर्म, लिंग के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। जो कि संविधान की भावना के विरुद्ध है। मोदी सरकार खुलेआम संविधान का उल्लंघन कर रही है। वास्तव में यह सरकार और इसके मुखिया मोदिजी के लिये उनके अमीर मित्र और चुनाव महत्वपूर्ण है। पहलगाम की घटना में यह साबित भी हुआ। पहलगाम की घटना के बाद मोदिजी चुनाव के लिए बिहार और अडानी के लिये केरल गये लेकिन न तो पहलगाम गये न ही घटना में मृत नागरिकों के परिजनों से मिले। सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राज्यपालों के माध्यम से विपक्षी राज्यों के ऐसे विधेयकों को भाजपा रोकती है जो अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गों के हित से संबंधित है। ये संविधान की भावना के विरुद्ध है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में आरक्षण की सीमा 76 प्रतिशत बढ़ाने का विधेयक पारित कर राज्यपाल को भेजा था। लेकिन भाजपा के उच्च नेतृत्व के इशारे पर राज्यपाल ने इसे लटका दिया। भाजपा देश को ऐसी स्थिति में ले जा रही है जिसमें जिसकी लाठी उसकी भैस की कहावत चरितार्थ हो रही है।
आज के कार्यक्रम और सभा का संचालन कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा किया गया। सभा को 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, हेमंत तिवारी, उदयपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजनाथ सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी, पूर्व पार्षद शमा परवीन, युवा कांग्रेस अम्बिकापुर ब्लॉक अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने भी संबोधित किया। रैली एवं सभा मे कांग्रेस जिला कार्यकारिणी के साथ ही दसो सांगठनिक ब्लॉक के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
पुण्यतिथि पर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि
आज 27 मई को पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61 वी पुण्यतिथि थी। आज ही बाबा साहब अम्बेडकर की पत्नी स्व रामबाई अम्बेडकर जी की भी पुण्यतिथि थी। संविधान बचाओ अभियान की रैली और सभा के पूर्व इन महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके तसवीर पर माल्यार्पण किया गया।