10 April 2026
विद्युत ठेकेदार संघ ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन, टेंडर प्रणाली में बदलाव की मांग
मांग मुलाकात राज्य

विद्युत ठेकेदार संघ ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन, टेंडर प्रणाली में बदलाव की मांग

Sarguja express….

अंबिकापुर
सरगुजिया विद्युत ठेकेदार संघ, अंबिकापुर क्षेत्र के पंजीकृत ठेकेदारों ने विभागीय कार्यों में आ रही जटिल समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता (अंबिकापुर क्षेत्र) छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में ठेकेदारों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के कारण कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे न केवल ठेकेदारों की आजीविका पर असर पड़ रहा है, बल्कि उनसे जुड़े श्रमिकों के रोजगार पर भी संकट उत्पन्न हो गया है।
संघ ने अपने ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्तमान में नए सेवा कनेक्शन, विस्तार एवं स्थानांतरण के कार्यों को 21 लाख रुपये की उच्च राशि वाले टेंडर में शामिल किया जा रहा है। इससे छोटे एवं मध्यम श्रेणी के ठेकेदारों के लिए कार्य प्राप्त करना कठिन हो गया है।
इसके अलावा, पूर्व में कृषि पंप संबंधी निविदाएं कार्यपालन अभियंता (परियोजना) एवं अधीक्षण अभियंता स्तर पर जारी की जाती थीं, जिससे स्थानीय ठेकेदारों को अवसर मिलता था और कार्य समय पर पूर्ण होते थे, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में यह प्रक्रिया सीमित हो गई है।
ठेकेदारों ने यह भी बताया कि नवीन आदेश के तहत 5 लाख एवं 20 लाख रुपये की सीमा निर्धारित किए जाने से पंजीकृत ठेकेदारों के कार्यक्षेत्र में कमी आई है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि अधीक्षण अभियंता (परियोजना) का कार्यालय क्षेत्रीय स्तर पर स्थापित किया जाए, क्योंकि वर्तमान में सीमित स्थानों पर ही कार्यालय होने से कार्य संचालन एवं समन्वय में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि 21 लाख रुपये की निविदाओं को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित किया जाए, विशेषकर सरगुजा जैसे पिछड़े क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए। साथ ही, वैश्विक पैकेज निविदा प्रणाली को समाप्त कर “स्थानीय के लिए स्थानीय” के सिद्धांत के आधार पर स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जाए।
इसके अतिरिक्त अंबिकापुर क्षेत्र में अधीक्षण अभियंता (परियोजना) का पृथक कार्यालय स्थापित करने की भी मांग की गई है।
संघ ने विश्वास जताया है कि विभाग द्वारा उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे स्थानीय ठेकेदारों और श्रमिकों को राहत मिल सके। इस दौरान संघ के संरक्षक विजय सोनी, संजीव मंदिलवार, रवि खरे, पी एन गुप्ता, सूर्यनाथ तिवारी, रामू सोनी, अभय सिंह, विनय शुक्ला, निमेष सोनी, रोहित सोनी,अमन पांडे, विकास जायसवाल, हिमांशु सिंह,अभय सोनी, मोनू पांडे, राहुल सहित ठेकेदार संघ के अन्य सदस्य मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *