Sarguja express….
प्रतापपुर। नगर में श्री श्याम बाबा के 19वें वार्षिक उत्सव का आयोजन इस वर्ष भी भक्ति, श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। प्रतापपुर श्री श्याम मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक उत्सव को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर से लेकर पूरे नगर तक भक्ति का अद्भुत माहौल बना रहा, जहां दिनभर कलश यात्रा और निशान यात्रा निकाली गई, वहीं रात भर भजनों की अमृत वर्षा से श्रद्धालु झूमते नजर आए।
उत्सव के मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार की शाम श्याम मंदिर के सामने रात्रि 7 बजे से देश के सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। अमृतसर (पंजाब) से आए तेजी ब्रदर्स तथा लखनऊ से पधारे भजन गायक कृष्ण शर्मा ने अपनी सुमधुर भक्ति प्रस्तुतियों से नगरवासियों को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति पर पूरा प्रतापपुर नगर झूम उठा और श्याम बाबा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
इस अवसर पर श्री श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी झालरें, भव्य पंडाल और मनोहारी लाइटिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। परंपरा के अनुसार बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा विशेष फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से पूजन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्याम भक्त मंडल द्वारा इस वार्षिक उत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई थी। इनमें अखंड ज्योति, श्याम ज्योति, श्याम नाम की मेहंदी, श्री श्याम रसोई, लकी ड्रॉ, भव्य कलश यात्रा एवं निशान यात्रा प्रमुख रहे। दिन में नगर भ्रमण पर निकली कलश यात्रा और निशान यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता देखने को मिली।
हर वर्ष की तरह इस बार भी क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु पूरी रात भजनों पर झूमते, नाचते और बाबा के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। श्याम भक्तों का कहना है कि यह वार्षिक उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि नगर में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी सशक्त करता है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्याम मंदिर अध्यक्ष किशोरी लाल गर्ग सहित रामप्रकाश गोयल, प्रदीप गोयल, जितेंद्र तायल, अमित गर्ग, हरिशंकर गर्ग, विपुल गोयल, रोहित गोयल, सत्यवान गोयल, राहुल गोयल, शिवम गोयल, नितिन बंसल तथा महिला मंडल से कांता गोयल, ललिता बंसल, ममता गर्ग, रेखा गर्ग, सुनीता गोयल, मीनू गर्ग, रजनी तायल, कुसुम मित्तल, ललिता गर्ग, सोनम तायल, खुशबू गोयल, सुमन गर्ग, शोभा और प्रियंका सोनी सहित अनेक श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

