Sarguja express…..
अंबिकापुर. परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र, अजिरमा अम्बिकापुर में सह-संचालक अनुसंधान डॉ. के. एल. पैंकरा के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय समन्वित फल अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 45 कृषकों ने सहभागिता की।
सह-संचालक अनुसंधान द्वारा कृषकों को संबोधित कर फलदार पौधों में प्रवर्धन के महत्व के बारे में जानकारी दिया गया। प्रशिक्षण में आम एवं लीची सहित फलदार पौधों के वानस्पतिक प्रवर्धन की उन्नत तकनीकों का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। श्रीमती अरुणिमा त्रिपाठी ने आधुनिक फल उत्पादन तकनीकों, डॉ. सीताराम दुबोलिया ने प्रसार गतिविधियों, डॉ. आर. एस. सिदार ने संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा डॉ. रंजीत कुमार ने पौधों की सुरक्षित पैकेजिंग एवं रोपण उपरांत देखभाल के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। डॉ. जहार सिंह ने फलों के रोग प्रबंधन पर जानकारी दी। डॉ. योगेन्द्र ने आम में ग्राफ्टिंग एवं डॉ. शशि किरण मिंज ने लीची में गूटी (एयर लेयरिंग) की तकनीक का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. दुर्गेश्वरी, डॉ. लक्ष्मी सिंह एवं अन्य वैज्ञानिकगण उपस्थित रहे। श्री यमलेश निषाद एवं कु. शिवानी मिश्रा द्वारा कृषक पंजीयन के साथ, प्रशिक्षण से पूर्व एवं पश्चात प्रश्नावली के माध्यम से प्रतिभागियों/कृषकों के ज्ञान स्तर का आकलन किया गया। फल प्रक्षेत्र एवं हाईटेक नर्सरी का भ्रमण श्री मेवालाल द्विवेदी द्वारा कराया गया। अंत में खुली परिचर्चा एवं लीची पौध वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

