Sarguja express…
अम्बिकापुर। श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इको क्लब के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर एवं पेटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में एक ओर जहां हरियाली बचाने का संदेश था तो दूसरी ओर पर्यावरण बचाने की जिजीविषा देखी गयी। ओजोन परत के क्षरण की भयावहता की चिंता दिखायी दी तो चांद पर बस्ती बसाने की ललक भी दिखी। हमारी पृथ्वी हमारा परिवार वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दे रहा था। कार्बन उत्सर्जन पर जहां चिंता दिखी तो सौर ऊर्जा, हरित ऊर्जा की ओर बढ़ने का संदेश छिपा था। नगरों पर बढ़ते जन दबाव और फैक्ट्रियों का कचरा चुनौती बन गया है। इको क्लब प्रभारी अरविन्द तिवारी ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में100 से अधिक प्रतियोगियों ने भाग लिया है। निर्णायक मंडल के निर्णयों के अनुसार प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रथम स्थान पर अमृता सिंह, द्वितीय स्थान पर तृप्ति साहू, माधुरी राजवाड़े, माधवी दुबे और तृतीय स्थान पर रिया किसपोट्टा, अंकुश गुप्ता, शिवांगी दुबे रही।
इस तरह पेंटिंग प्रतियोगिता में 80 सेअधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रथम स्थान पर अनुराध कंवर, द्वितीय सृष्टि वैष्णव, अदिति गुप्ता, तृतीय स्थान पर प्रतिमा राजवाड़े , रेशमा बड़ा रही।
प्रतियोगिता का अवलोकन प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने प्राध्यापकों के साथ किया। उन्होंने हरियाली और उसके संरक्षण के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान इको क्लब के सहायक प्राध्यापक कंचन साहू, वंदना पांडेय, अभिषेक भगत, दीपा तिवारी आदि ने सहयोग किया।

