19 September 2025
नेपाल में फंसे सरगुजा के 5 युवक, सभी सुरक्षित लौटे….इंडियन एम्बेसी ने की वापसी में मदद, सुरक्षित भारत की सीमा में हुई वापसी
ख़बर जरा हटके देश पहल बड़ी खबर राज्य

नेपाल में फंसे सरगुजा के 5 युवक, सभी सुरक्षित लौटे….इंडियन एम्बेसी ने की वापसी में मदद, सुरक्षित भारत की सीमा में हुई वापसी

Sarguja express….

अंबिकापुर. नेपाल में भड़की हिंसा के बीच हालात तनावपूर्ण हैं। युवाओं के द्वारा नेपाल सरकार का तख्तापलट एवं विरोध प्रदर्शन के साथ आगजनी के बीच अंबिकापुर से नेपाल गए अंबिकापुर के पांच युवक वहीं फंस गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सीएम विष्णुदेव साय एवं विदेश मंत्रालय से बात की। इंडियन एम्बेसी ने युवकों से संपर्क किया एवं उनकी मदद की। पांचों युवक सुरक्षित हैं और इंडियन एम्बेसी की मदद से वे गुरुवार दोपहर भारत सीमा पर पहुंच गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के सदर रोड निवासी मोहित जिंदल अपने अन्य चार दोस्तों अनमोल अग्रवाल, अंबर जैन, वेदप्रकाश पांडेय, शंभु सरदार के साथ 3 सितंबर को कार से नेपाल के लिए रवाना हुए। वे पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए मंदिर गए। काठमांडू में थे, इस दौरान नेपाल में हिंसा भड़क गई। हिंसा, आगजनी एंव कर्फ्यू जैसे हालात में अंबिकापुर के पांचों युवक नेपाल में फंस गए।

नेपाल में फंसे युवाओं ने वॉट्सऐप की मदद से परिजनों से संपर्क किया। युवकों ने बताया कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति बिगड़ गई है और वे फंस गए हैं। नेपाल के सभी बड़े शहरों तक विरोध प्रदर्शन एवं आगजनी की घटनाओं से चिंतित परिवार के सदस्यों ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से संपर्क किया। युवकों ने भी स्वयं मंत्री राजेश अग्रवाल से संपर्क कर पूरा डिटेल दिया। राजेश अग्रवाल ने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दी। उनके माध्यम से दिल्ली विदेश मंत्रालय को जानकारी दी गई। नेपाल में फंसे युवक मोहित जिंदल के बड़े भाई शुभम अग्रवाल ने बताया कि पर्यटन मंत्री की पहल के बाद नेपाल में इंडियन एम्बेसी के अधिकारियों ने युवकों से संपर्क किया।

मोहित जिंदल ने बताया कि इंडियन एम्बेसी ने उन्हें वापस भारत भेजने के लिए पहल की। उन्हें इंडियन एम्बेसी द्वारा सहयोग किया गया और सभी को सुरक्षित भारत सीमा तक पहुंचाया। गुरुवार को सभी युवक कार से बार्डर पार कर भारत लौट गए हैं। इससे परिजनों ने राहत की सांस ली है। शुक्रवार शाम तक सभी युवकों के अंबिकापुर लौट आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *