20 October 2024
डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव बोले-कप्तानी का मौका मिलेगा तो जरूर करूंगा, तय हाईकमान करेगी…छत्तीसगढ़ सरकार में जो भूमिका मिलेगी, निभाएंगे
राज्य राजनीति

डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव बोले-कप्तानी का मौका मिलेगा तो जरूर करूंगा, तय हाईकमान करेगी…छत्तीसगढ़ सरकार में जो भूमिका मिलेगी, निभाएंगे

अम्बिकापुर।डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कप्तानी का मौका मिलेगा तो जरूर करूंगा। यह तो सलेक्शन कमेटी तय करती है। हाईकमान जो तय करेगी, वैसा करूंगा। छत्तीसगढ़ सरकार में जो भूमिका मिलेगी, निभाएंगे। सिंहदेव ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस छत्तीसगढ़ में लगभग बराबरी की उपस्थिति वोट शेयर में है।

विधानसभा चुनाव संपन्न हो जाने के बाद टीएस सिंहदेव शनिवार को पूरे दिन अपने निवास कोठीघर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते रहे एवं चुनाव की स्थिति की समीक्षा में व्यस्त रहे। सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा संभाग की 14 में से 8 से 11 सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी। सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सभी आठ सीटों पर बेहतर स्थिति रहेगी। अविभाजित कोरिया जिले की एक व जशपुर जिले की एक सीट जीत रहे हैं। दोनो की दो-दो सीटों पर नजदीक का मुकाबला होगा। सिंहदेव ने कहा कि अंबिकापुर सीट पर कांग्रेस की जीत होगी।
छत्तीसगढ़ की अगली सरकार में भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि विधायक बनूंगा और सरकार आती है तो छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का सदस्य रहना चाहूंगा। मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि मौका मिला तो जरूर कप्तानी करना चाहेंगे। यह सलेक्शन कमेटी तय करेगी। हाईकमान तय करेगी।

भाजपा को कमतर आंकना गलत

सिंहदेव ने कहा कि मैंने हमेशा कहा कि भाजपा को कमतर आंकना गलत होगा। भाजपा एवं कांग्रेस दोनों छत्तीसगढ़ में 32 से 35 प्रतिशत का वोट शेयर हर हाल में बनाए रखते हैं। सीटें कम आएं या ज्यादा, यह प्रभावित नहीं होता। 10 फीसदी वोट बदलते हैं, जो परिणाम तय कर देते हैं। यही 10 प्रतिशत वोट विधानसभा में बंटते हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने अच्छे बहुमत से सरकार बनाई, लेकिन भाजपा का वोट शेयर बना रहा। पांच माह बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा को ज्यादा सीटें मिलीं, लेकिन कांग्रेस का वोट शेयर बना रहा।

अधिकांश सीटों पर कांग्रेस मजबूत

सिंहदेव ने कहा कि दूसरे चरण के चुनाव में कांग्रेस अधिकांश सीटों पर मजबूत स्थिति में है। भाजपा ने 12 हजार रुपये महिलाओं को देने की घोषणा की और फार्म भरवाकर बढ़त बनाने की कोशिश की। कांग्रेस ने कुछ दिनों बाद 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। लेकिन भाजपा को कुछ बढ़त बनाने का मौका मिल गया, जिसे उन्होंने भुनाने की कोशिश की। कांग्रेस की शेष घोषणाएं पहले ही सार्वजनिक हो गई थी, इसलिए इसका लाभ कांग्रेस को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *