Sarguja express

अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहली के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को ग्राम विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता (44) चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। ट्रेलर कोरबा के दीपिका क्षेत्र से क्लिंकर लोड कर आ रहा था। टक्कर के बाद ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई।
हादसे के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर चालक अरबाज (28) वाहन के केबिन में ही फंस गया। आग की लपटें कुछ ही मिनटों में पूरे ट्रेलर में फैल गईं, जिससे उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कोई भी तुरंत ट्रेलर के पास पहुंचकर चालक को बचाने की कोशिश नहीं कर सका।
वहीं ट्रक चालक संतोष गुप्ता हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का शीशा तोड़ा और किसी तरह घायल चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की वजह से ट्रेलर का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर के बाद ही ट्रेलर में आग लगी थी। हालांकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

