26 February 2026
जन्मदिन पर रूफी खान ने लिया नेत्रदान और अंगदान का संकल्प, दिया सेवा का संदेश
ख़बर जरा हटके जागरूकता देश पहल राज्य स्वास्थ

जन्मदिन पर रूफी खान ने लिया नेत्रदान और अंगदान का संकल्प, दिया सेवा का संदेश

Sarguja express….

अंबिकापुर। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जशपुर जिला मुस्लिम कमेटी के नायब सदर रूफी खान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर नेत्रदान एवं अंगदान का संकल्प लेकर मानवता की मिसाल पेश की है। उनके इस निर्णय की समाज में व्यापक सराहना हो रही है।
रूफी खान लंबे समय से जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सहयोग और जनहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को भी उन्होंने समाजहित से जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि जीवन के बाद भी व्यक्ति दूसरों के लिए आशा की किरण बन सकता है। उनका मानना है कि नेत्रदान से किसी को नई रोशनी मिल सकती है और अंगदान से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
उनके इस पुनीत संकल्प का भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करती है और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान एवं नेत्रदान के लिए प्रेरित करती है। संस्था ने अपने संदेश — “रक्तदान महादान, अंगदान जीवनदान” — को दोहराते हुए आमजन से भी आगे आने की अपील की।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था जनसेवा, आपदा राहत और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। रूफी खान का यह निर्णय न केवल प्रेरणादायी है, बल्कि समाज में मानवीय मूल्यों को सशक्त करने वाला कदम भी है। उनके इस संकल्प से निश्चित ही अन्य लोग भी प्रेरित होंगे और मानवता की इस महान सेवा में सहभागी बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *