Sarguja express

अंबिकापुर.छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से आम नागरिकों की शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी अपील की है।
परवेज आलम गांधी ने कहा कि हाल के दिनों में सरगुजा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में लगातार अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार कई गैस एजेंसियों में समय पर बुकिंग नहीं हो रही है और बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस स्थिति के कारण आम नागरिकों, महिलाओं और बुजुर्गों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभाव से एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, ताकि आम लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी लोग गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
परवेज आलम गांधी ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर आम जनता के दैनिक जीवन से जुड़ी अत्यंत आवश्यक वस्तु है और इसकी कृत्रिम कमी से गरीब तथा मध्यम वर्ग के परिवारों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित में जल्द कार्रवाई करते हुए स्पष्ट विज्ञप्ति जारी करने की मांग की है, जिसमें यह बताया जाए कि जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर तत्काल अपराध दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

