11 February 2026
अंबिकापुर रिंग रोड नमनाकला बना हादसों का केंद्र, दो माह में 5 लोगों की मौत…
हादसा मांग मुलाकात राज्य समस्या

अंबिकापुर रिंग रोड नमनाकला बना हादसों का केंद्र, दो माह में 5 लोगों की मौत…

Sarguja express


नमनाकला वासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, त्वरित सुधार की मांग

अम्बिकापुर। शहर के नमनाकला क्षेत्र से गुजरने वाला रिंग रोड इन दिनों लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण चर्चा में है। विगत दो माह के अंतराल में इस मार्ग पर लगभग 4 से 5 लोगों की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं में अधिकांश मामलों में सिर में गंभीर चोटें तथा हाथ-पैर टूटने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। इन बढ़ते हादसों से आक्रोशित नमनाकला वासियों ने शुक्रवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

नमनाकला वासियों का कहना है कि रिंग रोड अब शहर के मध्य क्षेत्र में आ चुका है, जिससे यहां आवागमन अत्यधिक बढ़ गया है। भारी वाहनों, बसों, ट्रकों और तेज रफ्तार कारों के कारण आम नागरिकों, विशेषकर पैदल राहगीरों और दोपहिया चालकों को लगातार जोखिम उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रस्तावित रिंग रोड का निर्माण कार्य पिछले पांच वर्षों से बेहद धीमी गति से चल रहा है और आने वाले पांच वर्षों तक इसके पूर्ण होने की कोई स्पष्ट संभावना नजर नहीं आ रही है। ऐसे में वर्तमान सड़क पर ही सुरक्षा इंतजाम जरूरी हो गए हैं।
ज्ञापन में नमनाकला वासियों ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे हैं। इनमें प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग प्रमुख है। इसके साथ ही वर्तमान रिंग रोड पर सभी रोड क्रॉसिंग स्थलों पर जिग-जैग स्पीड ब्रेकर निर्माण की आवश्यकता बताई गई है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके। भारी वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित करने और उसका सख्ती से पालन कराने की भी मांग की गई है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रिंग रोड नमनाकला में रोड क्रॉसिंग की चौड़ाई बेहद कम है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे चौड़ा करने के साथ-साथ रेडियम पट्टी एवं संकेतक लगाकर क्रॉसिंग को स्पष्ट रूप से चिन्हांकित करने की मांग की गई है। इसके अलावा सड़क के डिवाइडर पर किसी भी प्रकार के होर्डिंग्स न लगाने और पहले से लगी झाड़ियों की नियमित छंटाई करने की बात भी कही गई है, ताकि दृश्यता बनी रहे।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रक और बसें अक्सर रिंग रोड के किनारे लंबे समय तक अनावश्यक रूप से खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। इसे तत्काल बंद कराने की मांग की गई है।

नमनाकला वासियों ने कलेक्टर से उपरोक्त सभी बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में होने वाली जान-माल की हानि को रोका जा सके।

ज्ञापन सौंपते समय कमलेश सोनी सह राज्य प्रभारी पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़, अभिषेक शर्मा,विधी एवं आयकर सलाहकार, संतोष यादव अधिवक्ता, राजीव श्रीवास , प्रमोद चौधरी पूर्व पार्षद, राजेश सोनी,आकाश सोनी, अभिषेक सोनी, सुरेन्द्र चौधरी,राजू अग्रवाल, संजय सिंह,ललीत सोनी, अरविंद सिंह, मयंक गुप्ता,रमेश सिंह, पिंटू सिंह,आदि सम्मिलित हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *